धमतरी, 16 सितंबर । अंचल में किसानों की महीनों की मेहनत अब खेतों में लहलहाती धान की फसल के रूप में नजर आने लगी है। खरीफ सीजन की धान फसल में बालियां निकलने लगी हैं, जिससे किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखाई दे रही है। मौसम ने साथ दिया तो करीब माहभर बाद खेतों में धान की कटाई का दौर शुरू हो जाएगा। इस खरीफ सीजन में जिले में करीब 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की जा रही है।
बोड़रा के किसान महेश पाल, कसही के गोपी ध्रुव और डाही के रामकुमार पटेल ने बताया कि उन्नत किस्म सहित विभिन्न प्रजातियों के धान में बालियां निकल चुकी हैं। इस वर्ष फिलहाल कीट-व्याधि का प्रकोप कम है और पर्याप्त बारिश होने से फसल की स्थिति अच्छी बनी हुई है। किसानों का कहना है कि मौसम ने आगे भी साथ दिया तो कम लागत में उम्मीद से बेहतर उत्पादन मिलने की संभावना है। किसानों के अनुसार मौसम खुलने के बाद धूप मिलने से धान की फसल का विकास और तेजी से होगा। जिन खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा, वहां भी अब पानी धीरे-धीरे सूखने लगा है। इससे फसल को अनुकूल वातावरण मिलने की उम्मीद है।
देमार के किसान संतोष कुमार सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष जिले में अच्छी बारिश होने से धान के पौधों को पर्याप्त पानी मिला और फसल को नया जीवन मिला है। अब मौसम खुलने के साथ धूप निकलने पर पौधों की बढ़वार तेजी से होगी। धमतरी जिले के अनेक किसान उन्नत किस्म के धान की खेती करते हैं। वर्तमान में खेतों में तैयार हो रही धान की बालियां जल्द ही पकने की स्थिति में पहुंच जाएंगी। किसानों को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहा तो करीब एक माह बाद कटाई शुरू हो जाएगी और इस बार धान की अच्छी पैदावार से उनके चेहरे पर खुशियां लौटेंगी।
