नई दिल्ली, 29 सितंबर । केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह आज बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का श्रीगणेश (उद्घाटन) करेंगे। इसी के साथ पूर्वी दिल्ली के लोगों का दक्षिण और मध्य दिल्ली तक का सफर आसान हो जाएगा। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के चालू होने से वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी के अलावा एक नया विकल्प मिलेगा। इस 3.5 किलोमीटर के हिस्से में बीच में कोई अवरोधक नहीं होगा, यानी यह पूरा मार्ग सिग्नल फ्री होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माणमंत्री प्रवेश वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इससे रोजाना नौकरी और दूसरे कामों के लिए दक्षिण दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही सराय काले खां की ओर जाने के लिए पुराने रास्तों पर निर्भरता कम होगी। लक्ष्मी नगर, शकरपुर और पटपड़गंज के लोगों को भी दक्षिण दिल्ली जाने के लिए नया मार्ग मिलेगा। इन क्षेत्रों से आने वाले वाहन मयूर विहार के रास्ते कॉरिडोर तक पहुंच सकेंगे। इससे विकास मार्ग और आईटीओ की तरफ जाने वाले यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। आनंद विहार, कड़कड़डूमा और विवेक विहार के साथ वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा के वाहन चालकों को भी दक्षिण दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलेगा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर के उद्घाटन समारोह के मद्देनजर आज सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच यातायात में परिवर्तन किया है। समारोह में सैकड़ों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस के मुताबिक, सराय काले खां, महारानी बाग और आश्रम चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने दिल्लीवासियों से इस दौरान इन मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
