नई दिल्ली, 01 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और लोकसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा ने गुरुवार को राजधानी के सभी 256 मंडलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। ‘सेवा मेरा योगदान–स्वच्छता श्रमदान’ अभियान के तहत दिल्ली में लगभग 2470 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित सांसदों, मंत्रियों, विधायकों, निगम पार्षदों और पार्टी के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तिमारपुर और कमला नेहरू रिज में आयोजित स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गीता कॉलोनी में श्रमदान किया। इसके अलावा रामवीर सिंह बिधूड़ी ने ईस्ट ऑफ कैलाश, प्रवेश साहिब सिंह ने हनुमान मंदिर, आशीष सूद ने पंखा रोड, कपिल मिश्रा ने करावल नगर और योगेन्द्र चांदोलिया ने देव नगर में अभियान में हिस्सा लिया।
इसी क्रम में सांसद कमलजीत सहरावत ने द्वारका, प्रवीण खंडेलवाल ने अजमेरी गेट और बांसुरी स्वराज ने मोती नगर में श्रमदान किया। सतीश उपाध्याय ने ग्रीन पार्क, योगिता सिंह ने देशबंधु अपार्टमेंट, राजेश भाटिया ने राजेंद्र नगर, प्रवीण शंकर कपूर ने चांदनी चौक और सुमन कुमार गुप्ता ने यमुना बाजार में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इसके अलावा अनिल गुप्ता ने रोहताश नगर, सूर्य प्रकाश खत्री ने तिमारपुर, अजय महावर ने घोंडा तथा शिखा राय और अंजुम मंडल ने ग्रेटर कैलाश में श्रमदान किया।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को राजनीति का मूल मंत्र बनाया है। स्वच्छ भारत प्रधानमंत्री मोदी का सपना है। सेवा ही उनकी साधना और सेवा ही संगठन, सेवा ही समर्पण उनका विश्वास है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रमदान के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया है। एक घंटे का श्रमदान स्वच्छ भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री के सेवा भाव को अपनाकर दिल्ली को विकसित भारत का आदर्श उदाहरण बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता ही सेवा अभियान में उन्होंने कमला नेहरू रिज पर श्रमदान किया और वहां चल रहे सफाई एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दिल्ली एकजुट होकर आगे बढ़ती है, तो बदलाव भी व्यापक होता है। हजारों स्वच्छाग्रहियों और सहयोगियों ने अपने श्रम और सेवा से स्वच्छ दिल्ली के संकल्प को नई शक्ति दी है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
