नई दिल्ली, 03 अक्टूबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा करके कूड़ा निस्तारण की प्रगति और अधिकारियों के साथ आगे की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से पूरी तरह मुक्ति दिलानी है। इसके लिए पूरी टीम मिशन मोड में दिन-रात काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा कि जनवरी 2025 से पहले जमा लगभग सारा पुराना कचरा (लेगसी कचरा) प्रोसेस किया जा चुका है। यहां अभी जो कचरा जमा है, वह जनवरी 2025 के बाद का कचरा है और उसे भी चौबीसों घंटे प्रोसेस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दो मोर्चों पर लड़ रही है। पहले पिछली सरकारों से मिले पुराने कचरे को खत्म करना और दूसरा यह पक्का करना कि रोजाना आने वाला 3,000 से 4,000 मीट्रिक टन ताजा कचरा को तुरंत प्रोसेस किया जाए। इसीलिए आज यहां एक और कचरा प्रोसेस करने वाली यूनिट की शुरुआत की जा रही है। इससे ताजा कचरे और कंस्ट्रक्शन व डिमोलिशन कचरे दोनों की प्रोसेसिंग पक्की होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कचरे के नए पहाड़ नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण कम करने के लिए हर पहलू काम कर रही है, चाहे वह कचरे के पहाड़ों, यमुना की सफाई या सड़क के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना हो।
