नई दिल्ली, 14 अक्टूबर ।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि अभिषेक शर्मा में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल जैसी क्षमता है और टी20 क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के चौथे मुकाबले से पहले पुजारा ने जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम ‘गेम प्लान’ में अभिषेक की शानदार बल्लेबाजी, ईशान किशन की भूमिका और नमन धीर की गेंदबाजी पर अपनी राय रखी।
भारत ने इंदौर में तीसरा टी20 मुकाबला जीतकर श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली है।
अब टीम की नजरें हैदराबाद में होने वाले चौथे मुकाबले को जीतकर श्रृंखला अपने नाम करने पर हैं।
अभिषेक शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने पर पुजारा ने कहा, “किसी ने नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी इतने बड़े मुकाम तक पहुंच जाएंगे। लेकिन अभिषेक ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह अब तक भारतीय टीम के सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका नाम लंबे समय तक याद रखा जाएगा।”
उन्होंने कहा, “जब हम टी20 प्रारूप की बात करते हैं, तो हमारे दिमाग में तुरंत वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का नाम आता है। अभिषेक में भी उसी तरह की क्षमता है। इंदौर में उन्होंने जिस तरह परिपक्वता दिखाई और थोड़ा समय लेकर बल्लेबाजी की, वह महत्वपूर्ण है। उनके लिए पांच-छह गेंदें भी काफी समय होती हैं, लेकिन इससे पता चलता है कि वह अपने खेल को बेहतर ढंग से समझ रहे हैं, विपक्षी टीम की ताकत को पहचान रहे हैं और उसी के अनुसार बल्लेबाजी कर रहे हैं।”
पुजारा ने कहा कि हैदराबाद में अभिषेक के लिए घरेलू मैदान जैसा अनुभव भी फायदेमंद हो सकता है। उन्होंने कहा, “उन्होंने इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेला है। टी20 में भी मैदान से परिचित होना और वहां खेलने का अनुभव मायने रखता है।”
इंदौर में तीसरे टी20 मुकाबले में भारत की 223 रन के लक्ष्य का बचाव करने की रणनीति पर पुजारा ने भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और गेंदबाजों की तारीफ की।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि भारत ने शानदार काम किया, क्योंकि रांची में हार के बाद टीम को बेहतर रणनीति के साथ उतरने की जरूरत थी। कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने गलतियों को सुधारा। वह अपने गेंदबाजों से बात कर रहे थे कि किस तरह गेंदबाजी करनी है और कुल स्कोर का बचाव करने के लिए कौन-सी रणनीति अपनाई जा सकती है।”
पुजारा ने आगे कहा, “गेंदबाजों ने रणनीति को बेहतरीन तरीके से लागू किया। जब खिलाड़ी टीम के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, तो कप्तान भी अच्छा दिखाई देता है। लेकिन श्रेयस ने अच्छी परिपक्वता दिखाई और भारतीय गेंदबाजों ने भी ऐसा ही किया।”
श्रृंखला में ईशान किशन की फॉर्म पर पुजारा ने कहा कि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वह भारतीय टीम की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। उनके अनुसार, शीर्ष क्रम में कई आक्रामक बल्लेबाज होने के कारण हर मैच में बड़ी पारी की अपेक्षा करना जरूरी नहीं है।
पुजारा ने कहा, “तीसरे नंबर पर आकर ईशान किशन भारतीय टीम को वही दे रहे हैं, जिसकी उसे जरूरत है। मुझे नहीं लगता कि आप हर बार उनसे बड़ा स्कोर देखेंगे, क्योंकि शीर्ष क्रम में सभी खिलाड़ी आक्रामक हैं। उनकी भूमिका टीम को अच्छी शुरुआत देना और पावरप्ले का अधिकतम फायदा उठाना है।”
उन्होंने कहा, “ईशान जब भी बल्लेबाजी करने आते हैं, तो पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हैं। इसके बाद जब तेजी से रन बनाने की जरूरत होती है, तो उन्होंने 30-40 रन की तेज पारियां भी खेली हैं। मुझे लगता है कि यह पर्याप्त है। व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से आप उनसे बड़ी पारियां चाह सकते हैं, लेकिन फिलहाल वह टीम के लिए अपना काम कर रहे हैं।”
पुजारा ने नमन धीर की गेंदबाजी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नमन ने विकेट लेने की क्षमता और गेंद पर नियंत्रण दिखाया है। वह बल्लेबाज की गतिविधियों को समझकर उसके मुताबिक गेंदबाजी करते हैं।
पुजारा ने कहा, “नमन ने दिखाया है कि उनका नियंत्रण अच्छा है और उनमें विकेट लेने की क्षमता है। उन्हें समझ है कि बल्लेबाज क्या कर रहा है और वह उसका विकेट कैसे ले सकते हैं। वह ज्यादातर गेंद स्टंप पर रखते हैं और बल्लेबाज को असहज स्थिति में डालना चाहते हैं।”
उन्होंने पिछले मुकाबले में कामिल पूरन के खिलाफ नमन की गेंदबाजी का उदाहरण देते हुए कहा, “पिछले मैच में कामिल पूरन ने उन्हें लगातार तीन छक्के मारे थे। पहली दो गेंदों पर गेंदबाजी का क्रियान्वयन अच्छा नहीं था, लेकिन नमन अपनी योजना पर टिके रहे, उन्होंने अपनी लाइन में थोड़ा बदलाव किया और विकेट हासिल कर लिया। यह खेल की अच्छी समझ दिखाता है।”
पुजारा ने कहा कि नमन की गेंदबाजी की गति टी20 प्रारूप के स्पिनर के लिहाज से काफी धीमी है। इससे पता चलता है कि वह अपनी गति में लगातार बदलाव करते हैं और लाइन तथा लेंथ में विविधता के जरिए बल्लेबाज को चकमा देते हैं। वह अपनी गेंदबाजी की ताकत को अच्छी तरह समझते हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच श्रृंखला का चौथा टी20 मुकाबला आज शाम सात बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सीधा प्रसारित होगा।
