नई दिल्ली, 16 अक्टूबर । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की आज आहूत ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में माहौल गरम है। दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिन बंद रखने की घोषणा की है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से इस इलाके से दूर रहने की अपील करते हुए निषेधाज्ञा का हवाला दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने भी कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताते हुए परामर्श जारी किया है।
इस बीच सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि अंडरकवर पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में शांति बनाए रखने, जनता की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है।
डीसीपी नेहा यादव ने शुक्रवार शाम संवाददाता सम्मेलन में बताया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। एनडीएमसी ने पुलिस से अनुरोध किया है कि इस संवेदनशील सार्वजनिक पार्क की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न करने दिया जाए।
व्यापारियों का कहना है कि उपद्रवी तत्वों और गैरकानूनी जमावड़े से उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। इस मुद्दे से जुड़े एक मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी व्यापारी गतिविधियों में बाधा की आशंका पर गौर किया है।इसके जवाब में दिल्ली पुलिस ने अदालत को भरोसा दिलाया है कि याचिकाकर्ता की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे।
सीजेपी ने प्रेस विज्ञप्ति में इस यात्रा को अपने नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास के समर्थन में बताया है। दास और रांका को बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उन्होंने जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की थी। दोनों की गिरफ्तारी गृह मंत्रालय के जंतर-मंतर का विरोध स्थल दर्जा वापस लेने के एक दिन बाद हुई।
सीजेपी का आंदोलन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दो अक्टूबर को मुंबई में शुरू हुआ था। सीजेपी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में आंदोलन की घोषणा की। अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही हिरासत में ले लिया गया। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि सीजेपी के प्रदर्शन में सिर्फ 11 लोगों के समूह को राष्ट्रीय ध्वज लेकर और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है। कनॉट प्लेस व आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में किसी भी तरह के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
