पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि सरकार मानसा के नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला आज केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप रही है। श्री मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार परविंदर सिंह के परिवार के साथ खड़ी है और परिवार की मांग को मानते हुए, हत्या का मामला सीबीआई को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने की इस निर्णायक लड़ाई में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गृह मंत्री अमित शाह मानसा में परविंदर सिंह के परिवार और गुरदासपुर में एक अन्य नशा-विरोधी कार्यकर्ता के परिवार से मिलेंगे। हमारे जालंधर संवाददाता ने बताया है कि मानसा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और एक विशेष क्षेत्र को ड्रोन उड़ाने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।
श्री शाह संगरूर में नशा करने वाले एक व्यक्ति के परिवार से भी मिलेंगे। उस व्यक्ति के पिता ने बेटे के नशा करने के कारण आत्महत्या कर ली थी। बाद में, वे लुधियाना में दशहरा समारोह में भाग लेंगे, जहां रावण का पुतला जलाने की रस्म को प्रतीकात्मक रूप से ‘चिट्टा रावण’ के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
