नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्कूल खेल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के भविष्य के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आशीष सूद ने यह बात आज त्यागराज स्टेडियम में शुक्रवार को 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेल 2026-27 का उद्घाटन के अवसर पर कही।
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (खेल शाखा) की ओर से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में इन खेलों का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। इनमें पहले चरण में 22 से 28 अक्टूबर, दूसरे चरण में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर और तीसरे चरण में 28 जनवरी से 3 फरवरी शामिल हैं। इन खेलों में कुल 14 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से 14 हजार से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी शामिल होंगे।
देशभर से आए युवा एथलीटों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल मंत्री ने कहा, जीत से भी अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, मित्रता और चरित्र निर्माण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नया आयाम दिया है। पहले कहा जाता था ‘खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, लेकिन अब बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और आर्थिक प्रोत्साहन के बल पर युवा खेलों में भी एक सफल और उज्ज्वल भविष्य बना रहे हैं।
बाहर से आने वाली टीमों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियमों और खेल परिसरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रैक, फील्ड और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं ताकि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल माहौल मिल सके।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि दिल्ली में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ढांचागत और वित्तीय सहयोग को मजबूत किया जा रहा है। ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में से स्वर्ण पदक पर 7 करोड़ रुपये, रजत पर 5 करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि तय की गई है। एशियाई और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेलों के विजेताओं के लिए भी आकर्षक प्रावधान हैं। पीतमपुरा में करीब 100 करोड़ रुपय़े की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। दिल्ली के कॉलेजों को मिलने वाले खेल अनुदान को एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है। दिल्ली में पिछले वर्ष आयोजित खेलो महाकुंभ में 16 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इसके अलावा त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का भी सफल आयोजन किया जा चुका है।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रख्यात खिलाड़ी और देशभर के राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
