नई दिल्ली, 24 अक्टूबर । छठ महापर्व के मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल के मुनक नहर क्षेत्र में चल रहे विकास, सौंदर्यीकरण और छठ घाटों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गंदगी और अव्यवस्थाओं के लिए पहचाने जाने वाले मुनक नहर क्षेत्र को अब स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि छठ महापर्व से पहले घाटों के निर्माण एवं संबंधित विकास कार्यों को पूरा कर लिया जाए, जिससे श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान हरित क्षेत्र के विकास और पौधरोपण के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधरोपण बिना किसी सुविचारित योजना के न किया जाए, बल्कि पूरे क्षेत्र के सौंदर्य और उपलब्ध स्थान को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित लैंडस्केपिंग की जाए। उन्होंने पौधों की उचित व्यवस्था, आकर्षक डिजाइन, हरित पट्टियों के विकास और क्षेत्र को सुंदर स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर डिजाइन तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए ताकि मुनक नहर क्षेत्र में सुव्यवस्थित और सुंदर हरित वातावरण विकसित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने छठ घाटों के निर्माण और उनके आसपास की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि घाटों की दीवारों, आसपास के रास्तों और संबंधित स्थलों की फिनिशिंग समय पर पूरी की जाए। उन्होंने दीवारों की पेंटिंग, साफ-सफाई, अतिरिक्त निर्माण सामग्री और मलबे को हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि छठ महापर्व के अवसर पर घाटों के आसपास आकर्षक लाइटिंग और झालरों की व्यवस्था की जाए, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के अनुरूप सुंदर दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों को घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, सीढ़ियों, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी जांच करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरा जमा होने, दुर्गंध फैलने या अव्यवस्थित कचरा संग्रहण की स्थिति किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए। कचरे के संग्रहण और निस्तारण की ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे आसपास के निवासियों को असुविधा न हो और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर भी लगातार ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और जनआस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पावन पर्व पर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में सरकार का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और पूजा स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
