नई दिल्ली, 03 नवंबर । दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 7,000 किलो मिलावटी और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर उसे उसे नष्ट किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों से कार्रवाई के प्रत्येक पहलू की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि संदिग्ध खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में खाद्य आपूर्ति श्रृंखला में शामिल होकर लोगों तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। त्योहारों के समय लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मिलावटखोरी करने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचने से रोकना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मोरी गेट की खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह चौथा ऑपरेशन है। विभाग की टीम ने मोरी गेट की खोया मंडी में अभियान के दौरान 44 निगरानी नमूने एकत्र किए। इनकी मौके पर ही ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल टेस्टिंग सुविधा के माध्यम से प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें 35 नमूने जांच में फेल पाए गए। इसके अलावा दो अन्य नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थों से संबंधित जानकारी सामने आई है। इन सामग्रियों के संबंध में आगे की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग की पूरी टीम को इस कार्रवाई के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतर्कता, मेहनत और समय पर की गई कार्रवाई से मिलावट जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलती है। उन्होंने टीम को आगे भी इसी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली की खुशियों में मिलावट करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। सरकार का उद्देश्य केवल मिलावटी खाद्य पदार्थों को पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना भी है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया है। विभाग की ओर से अब तक की गई कार्रवाई के तहत 4 सितंबर को 2,830 किलो खोया, 8 सितंबर को 610 किलो खोया और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट किया गया। इसके बाद 3 नवंबर को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में कार्रवाई करते हुए लगभग 7,000 किलो अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया नष्ट किया गया। इस तरह विभाग अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट करा चुका है।
