मुंबई, 12 नवंबर । नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में माता कैकेयी की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने किरदार के पहनावे को लेकर हुई आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म का ट्रेलर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके परिधानों को त्रेता युग के हिसाब से आधुनिक बताया था। अब फिल्म रिलीज होने के बाद लारा ने कहा कि दर्शकों को अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन फिल्म में वेशभूषा का चयन एक खास सोच और उद्देश्य के तहत किया गया था।
दिए साक्षात्कार में लारा ने बताया कि कैकेयी कैकेय राज्य से आई थीं, इसलिए उनके आभूषण और पहनावा अन्य रानियों कौशल्या और सुमित्रा से अलग होना स्वाभाविक था। उन्होंने सवाल किया कि क्या कैकेयी अपने राज्य की परंपराओं और स्त्री-धन के साथ अयोध्या नहीं आई होंगी? अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म में मिथिला, अयोध्या और लंका की संस्कृति के बीच अंतर दिखाने के लिए वेशभूषा का एक निश्चित मानक तय किया गया था। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर आलोचना करने से कई तरह की बहस शुरू हो सकती है, इसलिए निर्माताओं ने अपनी सोच के अनुसार प्रस्तुति तैयार की।
लारा ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर निर्देशक और निर्माता के दृष्टिकोण का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने फिल्म के अंतिम परिणाम को लेकर अपना उत्साह भी जाहिर किया और बताया कि सेट पर काम करने के बावजूद पर्दे पर तैयार फिल्म देखकर वह हैरान रह गई थीं। अभिनेत्री ने माना कि दर्शकों को चर्चा और बहस करने का पूरा अधिकार है। उनके अनुसार, कलाकार को अपने काम के दौरान फिल्म निर्माताओं के विजन के साथ चलना होता है।
