ढाका, 16 नवंबर। गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को यहां राष्ट्रीय स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में उतरेगी। भारतीय टीम की नजरें लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने और अपना 10वां खिताब हासिल करने पर होंगी।
भारत ने अब तक रिकॉर्ड नौ बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीता है। टीम ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में यह उपलब्धि हासिल की है। हालांकि, भारतीय टीम अब तक लगातार तीन संस्करणों में खिताब नहीं जीत सकी है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की वेबसाइट के अनुसार, भारत ने 15 संस्करणों में से 14 में शीर्ष दो में जगह बनाई है। केवल 2003 में टीम फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी।
दूसरी ओर, पाकिस्तान पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है। टीम इससे पहले चार बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जिसमें पिछला मौका 2018 में आया था। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अब्दुल समद ने 86वें मिनट में निर्णायक गोल किया।
भारतीय टीम के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने फाइनल में पहुंचने पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, “अब तक टीम का सफर देखकर मैं बहुत खुश हूं। एक और फाइनल में पहुंचना खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का नतीजा है। इस दौरान हमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने चरित्र, जुझारूपन और प्रतिस्पर्धा करने की मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया। हर मुकाबला सीखने और सुधार करने का अवसर रहा है और अब हमें एक और महत्वपूर्ण कदम उठाना है।”
भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला ग्रुप-बी में 5 नवंबर को हुए मैच का दोहराव होगा। उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया था। सुहैल अहमद भट ने दो गोल किए थे, जबकि मंगलेंथांग किपगेन ने एक गोल दागा था। भारतीय टीम ने 3-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में दो गोल करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया था। इसके बावजूद भारत ने जीत हासिल की थी।
पाकिस्तान ने इसके बाद मालदीव को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर बांग्लादेश को शिकस्त दी। नॉकआउट मुकाबलों से पहले विदेशों में खेलने वाले कई खिलाड़ियों के टीम से जुड़ने के कारण पाकिस्तान की टीम अब ग्रुप चरण में भारत के सामने उतरी टीम से अलग नजर आ रही है।
मूसा ने कहा, “मुझे इस बार बिल्कुल अलग मुकाबले की उम्मीद है। ग्रुप चरण में हमने जिस पाकिस्तान का सामना किया था, अब उसकी टीम काफी अलग दिख रही है। उसके साथ कुछ नए खिलाड़ी जुड़े हैं। फाइनल हमेशा अलग तरह का मुकाबला होता है और दोनों टीमें अलग मानसिकता के साथ मैदान में उतरेंगी। पाकिस्तान ने हमारे पिछले मुकाबले का विश्लेषण किया होगा और हम उम्मीद करते हैं कि वह पूरी तैयारी तथा मजबूत प्रेरणा के साथ उतरेगा।”
उन्होंने कहा, “हम उनकी क्षमता और मजबूती का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारा ध्यान अपनी टीम पर रहेगा। हमें अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करना होगा, अनुशासन बनाए रखना होगा और महत्वपूर्ण मौकों पर सही फैसले लेने होंगे।”
भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। विष्णु पीवी ने नौवें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई, जबकि कप्तान चिंगलेनसाना सिंह कोंशाम ने 27वें मिनट में दूसरा गोल किया। दूसरे हाफ की शुरुआत में भूटान ने एक गोल करके वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने अपनी बढ़त कायम रखी।
सेमीफाइनल और फाइनल के बीच केवल दो दिन का अंतर होने के कारण भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक रिकवरी तथा तैयारी महत्वपूर्ण रही है। मूसा ने कहा कि कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों के कार्यभार पर नजर रख रहा है और निर्णायक मुकाबले से पहले टीम को पूरी तरह तैयार करने पर ध्यान दे रहा है।
उन्होंने कहा, “सेमीफाइनल के बाद हमारी प्राथमिकता खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक रिकवरी रही है। मुकाबलों के बीच सीमित समय होने के कारण हमें रिकवरी, उचित प्रशिक्षण भार और रणनीतिक तैयारी के जरिए खिलाड़ियों का सावधानीपूर्वक प्रबंधन करना होगा। मानसिक रूप से हमारा संदेश शांत, केंद्रित और आत्मविश्वास से भरे रहने का है। हमने फाइनल खेलने का अवसर हासिल किया है और अब सही रवैये, ऊर्जा तथा विश्वास के साथ मैदान में उतरना महत्वपूर्ण है।”
टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, “टीम का जुझारूपन, आक्रामक खेल का इरादा और कठिन परिस्थितियों में मुकाबला करने की क्षमता सबसे बड़ी सकारात्मक बातें रही हैं। हमने कुछ खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी अच्छा देखा है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी खिलाड़ी एक-दूसरे के लिए मिलकर काम करने को तैयार रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इसके साथ ही कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है। खासकर रक्षात्मक व्यवस्था, पूरे 90 मिनट तक एकाग्रता बनाए रखने और महत्वपूर्ण क्षणों में सही फैसले लेने पर काम करना होगा। फाइनल में छोटी-छोटी बातें बड़ा अंतर पैदा कर सकती हैं। हमें अपने प्रदर्शन में निरंतरता और अनुशासन बनाए रखने के साथ मिले मौकों का बेहतर इस्तेमाल करना होगा।”
दोनों देशों की सीनियर टीमों के बीच अब तक 30 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 और पाकिस्तान ने चार मैच जीते हैं, जबकि नौ मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। हालांकि, सैफ चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग के फाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
भारत और पाकिस्तान इससे पहले सैफ की दो आयु वर्ग प्रतियोगिताओं के फाइनल में भिड़ चुके हैं। 2011 में काठमांडू में खेले गए सैफ अंडर-16 चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 2-1 से हराया था। इसके बाद 2023 में सैफ अंडर-19 चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में मौजूदा टीम का हिस्सा मंगलेंथांग किपगेन ने दो गोल किए थे।
