धमतरी, 18 नवंबर । जीवन में विपरीत परिस्थितियां आने के बाद भी यदि हौसला और मेहनत का जज्बा कायम रहे तो सफलता की राह बनाई जा सकती है। इसकी मिसाल धमतरी के जालमपुर-1 निवासी रेखा शांडिल्य हैं। पति के निधन के बाद बेटी के पालन-पोषण और पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। आर्थिक परेशानियों के बीच उन्होंने हार मानने के बजाय आत्मनिर्भर बनने का रास्ता चुना। आज एक छोटी सी फल दुकान के जरिए वे परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बेटी की पढ़ाई का खर्च भी उठा रही हैं।
रेखा के जीवन में बदलाव की शुरुआत महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम ऋण योजना से हुई। घर से ही छोटा व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वाली रेखा को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने विभागीय कार्यालय में संपर्क कर ऋण के लिए आवेदन किया। जनवरी 2025 में उन्हें 40 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस राशि से उन्होंने घर के पास ही फल की दुकान शुरू की। शुरुआत में कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन रेखा ने मेहनत और लगन से व्यवसाय को आगे बढ़ाया। धीरे-धीरे दुकान चलने लगी और नियमित आमदनी का जरिया बन गई। आज इसी कमाई से वे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बेटी की पढ़ाई का खर्च उठा रही हैं।
इतना ही नहीं, ऋण की किस्तों का भुगतान भी नियमित रूप से कर रही हैं। रेखा के लिए यह दुकान महज कारोबार नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की पहचान बन चुकी है। सक्षम ऋण योजना से मिली आर्थिक मदद ने उन्हें मुश्किल हालात से उबरने का अवसर दिया। उनकी सबसे बड़ी खुशी है कि तमाम चुनौतियों के बावजूद बेटी की पढ़ाई निरंतर जारी है। रेखा शांडिल्य की यह कहानी बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। उनका संघर्ष दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।
