धमतरी, 21 नवंबर । जिले में अकवान चक्रवात के प्रभाव से हो रही रिमझिम और झमाझम बारिश ने किसानों की रही-सही उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया है। खेतों में कटी पड़ी धान की फसल बारिश के पानी में डूब गई है, वहीं खड़ी फसल भी जलभराव के कारण जमीन पर बिछ गई है।
करीब 20 दिनों से किसान खेतों के सूखने का इंतजार कर रहे थे। बीच में लगभग 15 दिन मौसम खुलने से कुछ खेत सूखने की कगार पर पहुंचे थे और किसानों ने राहत की सांस लेते हुए कटाई एवं मिंजाई का काम शुरू किया था, लेकिन अकवान चक्रवात की बारिश ने एक बार फिर खेतों को जलमग्न कर दिया।
पानी में डूबी धान की बालियों में दानों की गुणवत्ता खराब होने, दाने काले पड़ने और खेतों में ही अंकुरण होने का खतरा बढ़ गया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है और उनकी सालभर की मेहनत पर संकट मंडराने लगा है। किसान तुकाराम ध्रुव, नरेंद्र साहू और मोहन साहू का कहना है कि जिले के किसान पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और मौसम की अनिश्चितता ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्णब चक्रवात ने पहले ही धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया था।
कई खेतों में फसल गिरकर जमीन पर बिछ गई थी। किसान किसी तरह खेतों से पानी निकालकर और मौसम खुलने का इंतजार कर फसल को सुखाने में जुटे थे, लेकिन अब अकवान चक्रवात की बारिश ने दोबारा संकट खड़ा कर दिया है। खेतों में पड़ी कटी फसल भीगने से दानों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। ग्राम रामपुर के किसान हिंछाराम साहू ने बताया कि बार-बार मौसम खराब होने से किसानों की उम्मीदें टूट रही हैं। अर्णब तूफान के बाद बड़ी मुश्किल से फसल को सुखाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अकवान चक्रवात की रिमझिम बारिश ने फिर नुकसान पहुंचाया है। किसानों के सामने अब अपनी उपज को सुरक्षित रखने की चुनौती है। किसान नारायण गजेंद्र का कहना है कि लगातार बारिश और फसल खराब होने से इस बार खरीफ उत्पादन में निश्चित रूप से गिरावट आएगी। उत्पादन कम होने से किसानों की आर्थिक परेशानी बढ़ेगी, क्योंकि कई किसानों को खेती के लिए लिया गया कर्ज चुकाना है। वहीं किसान उधोराम साहू ने कहा कि शासन स्तर पर समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन खेतों में अभी पूरी फसल की कटाई नहीं हो पाई है। जो फसल कट चुकी है, उसके भी खराब होने का अंदेशा बना हुआ है। ऐसे में किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ सकती है।
बारिश से धान कटाई का काम रुका
लगातार बारिश के चलते किसानों ने धान कटाई का काम रोक दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जिन किसानों की फसल कटकर खेतों में पड़ी है, वे उसे प्लास्टिक और तिरपाल से ढंककर बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं मिंजाई कर चुके किसान अपनी उपज को भीगने से बचाने में जुटे हुए हैं। खेतों में जलभराव के कारण खड़ी धान की फसल गिरकर जमीन पर बिछ गई है। कटी हुई फसल के लंबे समय तक पानी में पड़े रहने से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने और अंकुरण की आशंका है। किसानों का कहना है कि जब तक खेतों से पानी नहीं निकलता और जमीन पूरी तरह सूख नहीं जाती, तब तक कटाई का काम दोबारा शुरू करना संभव नहीं है। जिले में अब तक लगभग 70 प्रतिशत धान की कटाई पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 30 प्रतिशत कटाई का काम शेष है। ऐसे समय में मौसम की मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
शासन के निर्देशानुसार दिया जाएगा मुआवजा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधनों को निर्देशित किया गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और धान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसानों के हितों और उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं, ताकि बारिश से किसी भी प्रकार की क्षति न हो। मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने पर खरीद कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए भी आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। शासन के तय निर्देश के अनुसार किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।
