Screenshot
नई दिल्ली, 23 नवंबर । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने तमिलनाडु सरकार की ओर से कार्तिगई दीपम के अवसर पर मदुरै के निकट पहाड़ी पर स्थित दीप स्तंभ में दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति देने वाले आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का विरोध किया है। विहिप ने राज्य सरकार से याचिका तत्काल वापस लेने और तमिलनाडु में हिंदू मंदिरों तथा देवस्थानम पर सरकारी नियंत्रण से जुड़े कानूनों को समाप्त करने की मांग की है।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने सोमवार को जारी वीडियो बयान में कहा कि मदुरै के निकट एक पहाड़ी पर प्राचीन हिंदू मंदिर के पास स्थित दीप स्तंभ में हर साल कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीप जलाने की परंपरा रही है। राज्य सरकार ने इस पर रोक लगा दी थी। इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट के एकल पीठ ने विस्तृत आदेश जारी कर राज्य सरकार को साल में एक बार दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति देने का निर्देश दिया था।
आलोक कुमार के अनुसार राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के आदेश का पालन करने के बजाय उसके खिलाफ अपील की। हाई कोर्ट की खंडपीठ ने अपील खारिज करते हुए एकल पीठ के आदेश को बरकरार रखा। इसके बाद राज्य सरकार ने हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश के तहत एक बार के उपाय के रूप में अगले दिन दीप जलाने की व्यवस्था की अनुमति दी।
विहिप अध्यक्ष ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश और सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम निर्देश के बावजूद हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने दीप प्रज्ज्वलन की अनुमति देने वाले आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल की है। उन्होंने इसे हिंदू धार्मिक परंपरा में हस्तक्षेप बताते हुए कहा कि यह कदम दुखद और चौंकाने वाला है।
आलोक कुमार ने तमिलनाडु के लोगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें नई सरकार से हिंदू हितों के प्रति सकारात्मक रुख की उम्मीद थी, लेकिन दीप जलाने जैसी एक दिन की धार्मिक परंपरा में भी बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है।
विहिप ने तमिलनाडु हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती अधिनियम, 1959 और तमिलनाडु मंदिर प्रवेश प्राधिकरण अधिनियम, 1947 सहित मंदिरों के प्रशासन और कामकाज पर सरकारी नियंत्रण से जुड़े कानूनों तथा उनके तहत बनाए गए नियमों को समाप्त करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि हिंदू मंदिरों और देवस्थानम का प्रबंधन सरकारी नियंत्रण से मुक्त कर हिंदू समाज को सौंपा जाना चाहिए, ताकि धार्मिक परंपराओं की रक्षा हो सके।
आलोक कुमार ने तमिलनाडु के लोगों और दुनिया भर के हिंदुओं से इस मामले में एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने की अपील की।
