दंतेवाड़ा, 24 नवंबर । जिले में एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती परीक्षा कराने को लेकर युवा बेरोजगार संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है। बेरोजगार संघ 28 नवंबर से एनएमडीसी बचेली और किरंदुल परियोजना में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगा। आंदोलन में दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के सैकड़ों युवा शामिल होंगे। युवाओं की मांग है कि, एल-1 एवं एल-2 भर्ती परीक्षा की तारीख तय कर घोषित की जाए। बेरोजगार संघ का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के युवाओं के रोजगार और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। इससे पहले 17 नवंबर को युवाओं ने भांसी में एक बड़ी बैठक कर आंदोलन की योजना बनाई थी।
दंतेवाड़ा युवा बेरोजगार संघ ने आंदोलन में भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई, आम आदमी पार्टी, भीम आर्मी समेत सभी राजनीतिक दलों से समर्थन मांगा है। इसके साथ ही बस्तरिया राज मोर्चा सहित सामाजिक संगठनों, एसटी, एसी, ओबीसी वर्ग के लोगों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है। संघ ने व्यापारिक संगठनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनएमडीसी कर्मचारियों के बच्चों और उनके परिवारों के साथ ही दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवाओं के साथ ही मूल निवासियों से एकजुट होने का आह्वान किया है। 28 नवंबर के आंदोलन को लेकर युवाओं ने प्रचार-प्रसार करना और पर्चे चस्पा करना भी शुरू कर दिया है।
संघ की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि, जिन युवाओं ने एनएमडीसी एल-1 एवं एल-2 भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे अपने रोजगार के अधिकारों के लिए आंदोलन में साथ दें। संगठन की प्रमुख मांग है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हो और परीक्षा की तारीख सुनिश्चित की जाए। संघ का कहना है कि एनएमडीसी में भविष्य में नए डिपॉजिट खुलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी होंगे। ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और अधिकार मिलने चाहिए। संघ ने कहा है कि यह लड़ाई केवल मौजूदा भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के रोजगार और भविष्य से भी जुड़ी है। संगठन ने लोगों से राजनीतिक और सामाजिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने की अपील की है।
