जगदलपुर, 25 नवंबर। शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़ाकर प्रकृति, विज्ञान और वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की 30 सदस्यीय टीम बुधवार काे नेपाल के प्रमुख पर्यटन, प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण के लिए पहुंची।
एक अंतरराष्ट्रीय महाअभियान की अवधारणा पर आधारित इस यात्रा का उद्देश्य हिमालयी भौगोलिक संरचना, जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत का प्रत्यक्ष अध्ययन करना है।
यात्रा के दौरान टीम ने पोखरा की प्रसिद्ध फेवा झील, ताल बाराही मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव गुफा, देवीस फॉल्स और सरांगकोट सहित विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया। यहां पर्वतीय भू-आकृति, जल संसाधन, प्राकृतिक जल निकासी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं को समझा जा रहा है। इसके साथ ही काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर, स्वयंभूनाथ स्तूप, बौद्धनाथ स्तूप तथा भक्तपुर और पाटन की ऐतिहासिक धरोहरों का अध्ययन भी यात्रा का हिस्सा है। चितवन क्षेत्र की जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और तराई के पारिस्थितिक तंत्र को समझने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दल में शामिल शिक्षक, विज्ञान संचारक और प्रकृति प्रेमी विभिन्न स्थलों की जलवायु, मिट्टी, वनस्पति, जल स्रोतों और भौगोलिक परिस्थितियों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन कर रहे हैं। यात्रा के दौरान अर्जित अनुभवों और जानकारियों को विद्यालयों, विद्यार्थियों तथा समाज तक पहुंचाने की योजना है, ताकि नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच विकसित हो सके।
संस्था के सचिव भुनेश्वर मरकाम ने बताया कि यात्रा से प्राप्त जानकारियों, चित्रों और अनुभवों को शैक्षिक गतिविधियों, समाचार लेखों, व्याख्यानों और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से साझा किया जाएगा।
यात्रा संयोजक लखन लाल साहू ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्वत, नदियां, झीलें, जंगल और ऐतिहासिक धरोहरें भी ज्ञान के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।
यात्रा में प्रभारी बृजलाल मंडावी, कुमार मंडावी, हरनारायण कुर्रे, ध्रुव कुमार महंत, चंद्रिका सिंह, संजय कुमार सिंगौर, हपका मुक्ता, हेमशंकर सिन्हा, आत्माराम साहू, मनीष अहीर, सुरेखा पुरेंद्र, चंद्रिका पटेल, जीना महंत, दिव्या, अंशिका, पलक, चंद्रशेखर धृतलहरे, सुभाष, हेमलता रात्रे, भारती, हेमंत कुमारी और रिंकू दाबड़ सहित अन्य विज्ञान संचारक शामिल हैं।
