मुंबई, 26 नवंबर । वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता अशोक पाठक का मानना है कि इस भूमिका ने उनके करियर को एक नई पहचान दी है। सीरीज में उनका मशहूर संवाद ‘देख रहा है ना, बिनोद’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और इसी किरदार के जरिए वह घर-घर में पहचाने जाने लगे। अशोक के मुताबिक, इस भूमिका से बड़ी संख्या में दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं। अब सीरीज के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों में उत्साह है, जो तीन दिसंबर को रिलीज होने वाला है।
‘पंचायत’ की सफलता के बावजूद अशोक खुद को केवल बिनोद जैसे किरदारों तक सीमित नहीं रखना चाहते। अभिनेता का कहना है कि वह नहीं चाहते कि उन्हें किसी एक खास छवि में बांध दिया जाए। इसी वजह से उन्होंने अलग-अलग तरह की भूमिकाएं चुनने पर ध्यान दिया है। ‘पंचायत’ के अलावा वह ‘त्रिभुवन मिश्रा: सीए टॉपर’ जैसे प्रोजेक्ट में भी नजर आ चुके हैं। उनके लिए हर नया किरदार अपनी अभिनय क्षमता के अलग पहलू को सामने लाने का अवसर है।
अशोक अब एचआरएक्स फिल्म्स की आगामी फिल्म ‘स्टॉर्म’ में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह हरियाणवी किरदार निभाते नजर आएंगे। ‘पंचायत’ के बिनोद से अलग इस भूमिका के जरिए अभिनेता एक बार फिर अपनी अभिनय क्षमता का नया रंग दिखाने की तैयारी में हैं।
