धमतरी, 26 नवंबर। भारतीय संविधान के अंगीकरण की 77वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को जिले में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के साथ सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और नागरिकों के बीच बंधुता की भावना को मजबूत करने की शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को देश के संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों के प्रति नागरिकों को उनके दायित्वों का स्मरण कराता है। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और एक जिम्मेदार नागरिक एवं लोकसेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
