ढाका (बांग्लादेश), 27 नवंबर । अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी की घोषणा पर बांग्लादेश की सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने दो टूक कहा, ‘शेख हसीना और उनके परिवार के लिए हमारे यहां कोई जगह नहीं है। वह दिसंबर में बांग्लादेश नहीं लौटेंगी। उनके आने का एक मात्र जरिया प्रत्यर्पण है।’ उन्होंने गुरुवार को मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में सरकार का पक्ष सामने रखा।
प्रोथोम अलो और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने दावा किया कि भारत को भी अब यह एहसास हो रहा है कि शेख हसीना दोनों देशों के संबंधों के बीच एक कांटा बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी अब हसीना के “पागलपन” को समझने लगा है और उनकी वजह से खुद को असहज स्थिति में पा रहा है। उन्होंने दिसंबर में हसीना के लौटने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया।
कबीर ने कहा, “भाई, दिसंबर में कोई और नहीं आने वाला। दिसंबर में तो बस सर्दी आएगी। आपको स्वेटर खरीद लेने चाहिए। उनकी वापसी पर और चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है। वह हथकड़ी पहनकर या कड़ी निगरानी में हवाई जहाज से ही आ सकती हैं। उनके आने का बस यही एक तरीका है।” उनसे भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के उस बयान के बारे में पूछा गया, जिसमें कहा गया था कि शेख हसीना का अपनी मर्जी से बांग्लादेश लौटने का इरादा और ढाका के उनके प्रत्यर्पण की मांग, ये दोनों अलग-अलग मामले हैं।
हुमायूं कबीर ने कहा कि किसी व्यक्ति की अपनी मर्जी से अपने देश लौटने और प्रत्यर्पण संधि के मुद्दे को अलग-अलग मानने के भारत के रुख को समझने में कोई कठिनाई नहीं है। आम यात्रियों या नागरिकों की आवाजाही एक अलग बात है, जबकि प्रत्यर्पण संधि अपराधियों पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि शेख हसीना अपराधियों की श्रेणी में आती हैं और उन्हें प्रत्यर्पण संधि के तहत सौंपा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2024 को बड़े पैमाने पर हुए जन-विद्रोह के बीच सत्ता से बेदखल होने के बाद शेख हसीना भारत भाग गई थीं। तब से वह भारत में ही रह रही हैं। 17 नवंबर 2025 को बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायधिकरण (प्रथम) ने उन्हें जुलाई के जन-विद्रोह के दौरान मानवता के खिलाफ किए गए अपराधों से जुड़े एक मामले में मौत की सजा सुनाई है। कबीर ने कहा कि बांग्लादेश ने भारत से प्रत्यर्पण का अनुरोध कर दिया है और अब वह जवाब का इंतजार कर रहा है।
विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने यह भी कहा कि बांग्लादेश में शेख हसीना के परिवार, उनकी पार्टी या आतंकवादियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना की आलोचना करते हुए कहा, ” वह एक मनोरोगी हैं। वह अपने पीछे 2,000 लोगों की मौत छोड़ गई हैं और उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं है। उनकी कोई राजनीति नहीं है। उनका राजनीतिक करियर बहुत पहले ही खत्म हो चुका है। वह एक आतंकवादी हैं।”
उन्होंने कहा, “आप किसी अनचाहे मेहमान को बस यूं ही बाहर नहीं निकाल सकते। आपको उन्हें अपने पास रखना पड़ता है और बर्दाश्त करना पड़ता है, और यह एक परेशान करने वाली समस्या बन गई है। वे भी इस बात को समझते हैं।” गंगा जल बंटवारा संधि जो 12 दिसंबर को समाप्त हो रही है के बारे में उन्होंने बताया कि बांग्लादेश ने भारत को पत्र लिखा है और जवाब का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी तरफ से जो कुछ भी किया जाना चाहिए, हम वह कर रहे हैं।”
अमेरिका के बांग्लादेश और 13 अन्य देशों पर प्रस्तावित नई टैरिफ दरों के बारे में हुमायूं ने कहा कि यह कदम वाशिंगटन के राजनीतिक अभियान के एजेंडे का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “वे इन समझौतों को एक प्रमुख परियोजना की तरह पेश कर रहे हैं। इस पर चर्चा की गुंजाइश है। हमें कुछ प्रावधान अनुचित लगते हैं और इन मुद्दों पर बातचीत करने का मौका है। जाहिर है, हमें कुछ आपत्तियां हैं और हम इस पर बातचीत करेंगे।”
