Gukesh Dommaraju, the reigning World Chess Champion from India, attends a press conference ahead of the FIDE World Rapid & Blitz Championships 2025 in Doha, Qatar, on December 25, 2025. (Photo by Noushad Thekkayil/NurPhoto via Getty Images)
गत चैंपियन भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के उनके प्रतिद्वंद्वी जावोखिर सिंदारोव के बीच बृहस्पतिवार को यहां विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी भी ड्रॉ पर समाप्त हुई। समय के मामले में बढ़त हासिल करने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी इसका फायदा उठाकर जीत दर्ज नहीं कर सका।
मुकाबले में अधिकांश समय गुकेश के पास काफी अधिक समय बचा था लेकिन सिंदारोव ने मजबूती से खेलते हुए समय के दबाव के बीच भी ड्रॉ हासिल कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच 60 चाल के बाद बाजी बराबरी पर छूटी। एक समय सिंदारोव समय के मामले में गुकेश से करीब 50 मिनट पीछे चल रहे थे। वह समय नियंत्रण की सीमा के बेहद करीब पहुंच गए और उन्होंने केवल छह सेकेंड शेष रहते अपनी 40वीं चाल चली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों को 30-30 मिनट का अतिरिक्त समय मिला। इस ड्रॉ के साथ 14 बाजियों की इस विश्व चैंपियनशिप में दोनों खिलाड़ियों के 1.5-1.5 अंक हो गए हैं।
शुक्रवार को विश्राम का दिन होने के कारण दोनों खिलाड़ियों को चौथी बाजी से पहले अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने और तैयारी करने का मौका मिलेगा। सिंदारोव ने ‘रुई लोपेज ओपनिंग’ से शुरुआत की जबकि गुकेश ने बर्लिन डिफेंस अपनाया। इससे पहले शुरुआती दो क्लासिकल बाजियां भी ड्रॉ रही थीं। पहली बाजी 38 चाल के बाद बराबरी पर छूटी थी जबकि दूसरी बाजी तीन बार एक जैसी स्थिति बनने के कारण 20 चाल में ड्रॉ हो गई थी।
