श्रीमती रेखा गुप्ता आज नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उन्होंने राज निवास में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात की। कल शाम दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक में पद के लिए उनके नाम की घोषणा के बाद उन्होंने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उपराज्यपाल आज दोपहर 12:35 बजे रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट जीती है। उन्होंने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में ABVP से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं। रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव भी रह चुकी हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की आशंका के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने यातायात परामर्श जारी किया है। समारोह के दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए कुछ मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा के बाद गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों समेत कई बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। उन्हें बधाई देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें रेखा गुप्ता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की नई मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली को दुनिया की शीर्ष राजधानियों में से एक बनाने के संकल्प की दिशा में समर्पण के साथ काम करेंगी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी श्रीमती गुप्ता को बधाई दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री वैष्णव ने लिखा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में आईटी पारिस्थितिकी तंत्र और रेलवे के विकास पर उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने श्रीमती गुप्ता को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता प्रगति एवं विकास की नई ऊंचाइयों को छूकर नया इतिहास रचेंगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रीमती गुप्ता को भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा नेता रेखा गुप्ता को नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वह चुनाव प्रचार के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करेंगी। रेखा सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
भाजपा 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है और उसने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया है।
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन जैसी आम आदमी पर बहुत भरोसा दिखाया है और इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
