प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि असम का गतिशील कार्यबल और तीव्र विकास इसे एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में परिवर्तित कर रहा है। गुवाहाटी में एडवांटेज असम 2.0 निवेश और अवसंरचना शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि असम भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। श्री मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत भविष्य की एक नई यात्रा पर निकल रहे हैं और एडवांटेज असम असम की अविश्वसनीय क्षमता और प्रगति को दुनिया के साथ जोड़ने की एक बड़ी पहल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद विशेषज्ञ एक बात पर सर्वसम्मति से सहमत हैं और वह है भारत का तीव्र विकास। उन्होंने कहा कि भारत अपने विनिर्माण क्षेत्र को मिशन मोड में चला रहा है और मेक इन इंडिया पहल के तहत कम लागत वाले विनिर्माण को बढ़ावा दे रहा है। श्री मोदी ने कहा कि हमने उद्योग, नवाचार से प्रेरित संस्कृति और व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा देने के लिए एक संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है।
