Side view of meditating woman sitting in pose of lotus against clear sky outdoors
योग और प्राणायाम से पाएं अनिद्रा से छुटकारा, ये आसन होंगे फायदेमंद
आयुर्वेद के अनुसार, अच्छी नींद शरीर और मन को संतुलित रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आजकल की भागदौड़ भरी ज़िन्दगी में तनाव, चिंता और अनियमित दिनचर्या के कारण बहुत से लोगों को नींद न आने की समस्या हो रही है। आयुर्वेद और योग के अनुसार, अगर शरीर और मन का संतुलन बिगड़ जाए, तो नींद अच्छी नहीं आती। योगासन और प्राणायाम शरीर को शांत करने, मानसिक तनाव को कम करने और अच्छी नींद लाने में मदद करते हैं। यहाँ आयुर्वेद के अनुसार कुछ प्रमुख आसनों के बारे में बताया जा रहा है, जो आपकी नींद को सुधारने में सहायक हो सकते हैं।
-
बालासन – तनाव को दूर करने के लिए
इस आसन को करने के लिए घुटनों के बल बैठें और पैरों को पीछे की ओर मोड़ें। अब धीरे-धीरे आगे झुकें और अपना माथा जमीन पर रखें। फिर हाथों को सामने फैलाकर शरीर को आराम दें और 1-2 मिनट तक गहरी सांस लें। इस आसन से दिमाग शांत होता है, ब्लड प्रेशर सुधरता है और तनाव व चिंता कम होती है, जिससे नींद अच्छी आती है। -
विपरीत करनी – दिमाग को शांत करने के लिए
दीवार के पास लेट जाएं और पैरों को दीवार के सहारे ऊपर की ओर रखें। हाथों को शरीर के पास आराम से रखें और गहरी सांस लें। इस अवस्था में 5-10 मिनट तक रहें। यह आसन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है, नसों को शांत करता है और नींद लाने में मदद करता है। साथ ही, यह पैरों और दिमाग में ऑक्सीजन का सही प्रवाह बनाए रखता है। -
शवासन – गहरी नींद के लिए सबसे प्रभावी
जमीन पर सीधे लेट जाएं और हाथों और पैरों को हल्का फैला लें। अब अपनी आंखों को बंद करें और शरीर को पूरी तरह ढीला छोड़ दें। 5-10 मिनट तक गहरी सांस लें और इसी अवस्था में रहें। यह आसन शरीर को पूरी तरह से रिलैक्स करता है, तनाव और चिंता को कम करता है, और नींद में सुधार करता है। -
अनुलोम-विलोम प्राणायाम – मानसिक शांति के लिए
सुखासन में बैठकर रीढ़ की हड्डी सीधी रखें। दाहिनी नासिका को अंगूठे से बंद करें और बाईं नासिका से गहरी सांस लें। फिर बायीं नासिका को बंद करें और दाहिनी नासिका से सांस छोड़ें। यह प्रक्रिया 5-10 मिनट तक दोहराएं। इससे मानसिक शांति मिलती है, तनाव कम होता है, और मन स्थिर रहता है, जो अच्छी नींद लाने में मदद करता है।
