सरकार ने पशुधन क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने के लिए संशोधित राष्ट्रीय गोकुल मिशन को मंजूरी दे दी है। संशोधित मिशन का कार्यान्वयन एक हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त परिव्यय के साथ किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णयों के बारे में कल शाम नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना से दूध उत्पादन और उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
कैबिनेट ने डेयरी विकास के लिए संशोधित राष्ट्रीय कार्यक्रम को भी मंजूरी दी। श्री वैष्णव ने कहा कि यह पहल डेयरी बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और विस्तार पर केंद्रित है, जिससे इस क्षेत्र का निरंतर विकास और उत्पादकता सुनिश्चित हो सके।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कम मूल्य वाले भीम-यूपीआई लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए एक प्रोत्साहन योजना को भी मंजूरी दी है। मंत्री वैष्णव ने कहा, इस योजना से छोटे व्यापारी बिना किसी अतिरिक्त लागत के यूपीआई सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को दो हजार रुपये तक के लेनदेन के लिए प्रति लेनदेन मूल्य पर 0.15 प्रतिशत की दर से प्रोत्साहन दिया जाएगा।
श्री वैष्णव ने हमें यह भी बताया कि सरकार ने असम के नामरूप में ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन लिमिटेड के मौजूदा परिसर में एक नया ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया कॉम्प्लेक्स फर्टिलाइजर प्लांट स्थापित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से देश में घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, खासकर पूर्वोत्तर क्षेत्र में और पूर्वोत्तर, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में यूरिया उर्वरकों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सकेगा।
