नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के लक्ष्मीबाई कॉलेज ने बुधवार को अपना 59वां वार्षिक दिवस मनाया तथा अहिल्याबाई मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीयू के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के परिवर्तनकारी प्रभाव एवं राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा, आर्थिक स्वावलंबन एवं कानूनी संरक्षण के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर विशेष बल दिया। दिल्ली विश्वविद्यालय की नॉन-कॉलेजिएट विमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीडब्ल्यूईबी) की सराहना करते हुए उन्होंने इसकी भूमिका को रेखांकित किया।
इस मौके पर गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल अनेजा ने कॉलेज परिवार के सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विशेष रूप से प्राचार्या प्रोफेसर प्रत्युषा वत्सला के नेतृत्व कौशल को रेखांकित किया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को समकालीन शिक्षा के साथ समन्वित करने की संस्थान की पहल पर प्रकाश डाला। वार्षिक पत्रिका “ज्योति” एवं प्राचार्या के वार्षिक प्रतिवेदन के विमोचन ने संस्थान की बौद्धिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।
कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर प्रत्युषा वत्सला ने संस्थान की समावेशी शिक्षा नीति एवं नवाचारी पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने गवर्निंग बॉडी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए अहिल्याबाई मल्टीपर्पज हॉल के महत्व को रेखांकित किया। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण निर्माण पर उन्होंने विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज के नवनिर्मित बुनियादी ढांचे एवं गोकुल (एक आदर्श ग्राम मॉडल) का भ्रमण आयोजित किया गया, जहां परम्परागत भारतीय संस्कृति एवं आधुनिक प्रौद्योगिकी का समन्वय प्रदर्शित किया गया। एनसीसी, एनएसएस एवं विभिन्न छात्र समितियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुरस्कार वितरण समारोह में श्रेया बंसल (बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स) को वर्ष की सर्वोच्च छात्रा एवं प्रिया यादव (बीए ऑनर्स हिस्ट्री) को उपविजेता के रूप में सम्मानित किया गया।
