नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री कपिल मिश्रा ने ओडिशा राज्य की स्थापना दिवस के मौके पर हौजखास स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की खुशहाली, विकास और जनता की समृद्धि के लिए भगवान जगन्नाथ से आशीर्वाद मांगा।
मंदिर दर्शन के बाद आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ओडिशा की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। ओडिशा समाज ने दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और हम उनकी मेहनत, लगन और सांस्कृतिक विरासत को हृदय से नमन करते हैं। भगवान जगन्नाथ की कृपा से दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ती जा रही है। हमारी सरकार ने हर साल ओडिशा पर्व को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है।
दिल्ली के कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ओडिशा दिवस अब दिल्ली सरकार के कैलेंडर का हिस्सा है और हर साल सरकार इसे धूमधाम से मनाएंगी। दिल्ली के विकास में ओडिशा राज्य के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले ओडिशा समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अहम योगदान दिया है।
इस अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के साथ-साथ नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय के साथ ही बड़ी संख्या में ओडिशा समाज से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
