इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण में पांच गुना वृद्धि हुई है। हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर में पत्रकारों से बात करते हुए, श्री वैष्णव ने कहा कि मेक इन इंडिया पहल के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में बड़ी उछाल आई है।
उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में भी छह गुना वृद्धि हुई है और यह तीन लाख 25 हजार करोड़ रुपये को पार कर गया है। श्री वैष्णव ने कहा कि आज इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण लगभग 25 लाख लोगों को रोजगार दे रहा है। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक घटक विनिर्माण योजना को मंजूरी दी है, जो इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करेगी और रोजगार वृद्धि को बढ़ावा देगी।
श्री वैष्णव ने कहा, “उत्पाद की गुणवत्ता में वृद्धि और मजबूत आईपी सुरक्षा उपायों के साथ भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में वैश्विक विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिजाइन, विनिर्माण, कौशल और विश्वसनीय नवाचार के लिए भारत का एकीकृत दृष्टिकोण देश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स परिदृश्य में नेतृत्व की स्थिति में ले जाएगा।”
मंत्री महोदय ने बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा, डिजाइन आधारित नवाचार और विविध दुर्लभ मृदा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर आधारित एक विश्वसनीय इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण आधार बनाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। आईटी मंत्री ने मानेसर में वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज की अत्याधुनिक सरफेस माउंट टेक्नोलॉजी एसएमटी लाइन और मैकेनिकल इनोवेशन पार्क का भी उद्घाटन किया।
