नई दिल्ली, 23 अप्रैल। दिल्ली के जल संसाधन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बुधवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार भेंट की।
प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात करके दिल्ली में जल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने, यमुना की सफाई और नई जल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार के मंत्री दिल्ली की योजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करके चर्चा कर रहे हैं। दिल्ली में जल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए 20 अप्रैल को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1,111 जीपीएस से युक्त जल टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करके बड़ा कदम उठाया है।
इसके साथ-साथ गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने 21 अप्रैल को दिल्ली हीट एक्शन प्लान 2025 भी जारी कर दिया है। इसके तहत पूरे शहर में तीन हजार वाटर कूलर लगाए जाएंगे। यमुना की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है। यमुना की सफाई के लिए बड़ी-बड़ी मशीनें दिल्ली सरकार द्वारा लगाई गई हैं। इसके अलावा दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा यमुना की सफाई का निरीक्षण कई बार कर चुके हैं।
