प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के ज़रिए बिहार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के सातवें संस्करण का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने देश में खेलों की संस्कृति विकसित की है और खेलो इंडिया अम्ब्रेला इवेंट इसका एक उदाहरण है जो खेल कौशल को निखारता है और युवा प्रतिभाओं की पहचान करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र खोले गए हैं और यह युवा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया एक समावेशी मंच है जिसमें पारंपरिक गतका, कलरीपट्टू और खो-खो खेलों को जोड़ा गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं का उदय इसकी सॉफ्ट पावर को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा और अपनी सॉफ्ट पावर का प्रदर्शन करेगा। श्री मोदी ने कहा कि खेल कोई एक इकाई नहीं है, बल्कि स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य अवसरों के मामले में वे बहुआयामी हैं। प्रधानमंत्री ने बिहार के तेजतर्रार आईपीएल क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रशंसा की और कहा कि उनकी कहानी प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया खेल एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रेरित और मजबूत करते हैं।
प्रधानमंत्री ने अलग-अलग इलाकों से आए खिलाड़ियों से बिहार के व्यंजनों जैसे लिट्टी चोखा का लुत्फ़ उठाने की अपील की। उन्होंने राजगीर में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर और राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय जैसी बिहार सरकार की पहलों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में उद्घाटन समारोह को संबोधित किया।
