नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि तिब्बती संस्कृति, पहचान और सम्मान का संरक्षण न केवल भारत की नैतिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह हमारे सनातन मूल्यों और सभ्यता की भी अभिव्यक्ति है। उन्होंने भारत-तिब्बत सहयोग मंच को दशकों तक इस सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक संबंधों को सशक्त करने में निभाई गई भूमिका के लिए साधुवाद दिया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत-तिब्बत सहयोग मंच के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में सोमवार को सहभागिता की। कार्यक्रम का विषय ‘वैश्विक स्तर पर नासूर बना विस्तारवाद एवं आतंकवाद’ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तारवाद एवं आतंकवाद आज की सबसे गंभीर वैश्विक चुनौतियों में से एक हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंच के प्रयासों को नमन करते हुए कहा कि भारत हमेशा से तिब्बती समुदाय के साथ खड़ा रहा है और रहेगा। उन्होंने विस्तारवाद और आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक एकजुटता की भी आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में विभिन्न बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और तिब्बती प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।
