श्रीलंका आज बौद्ध कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन वेसाक पोया को मना रहा है, जबकि नुवारा एलिया में राज्य वेसाक महोत्सव मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और परिनिर्वाण की याद में मनाया जाता है, और इसे पूरे द्वीप में गहरी आध्यात्मिक भक्ति और जीवंत सार्वजनिक प्रदर्शनों के साथ मनाया जा रहा है।
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि श्रीलंका के नुवारा एलिया नामक पहाड़ी शहर में हजारों श्रद्धालु वेसाक उत्सव में शामिल होने के लिए एकत्र हुए हैं। मंदिरों, सड़कों और घरों को रंग-बिरंगी लालटेनों और बुद्ध के जीवन के दृश्यों को दर्शाने वाले पंडालों से सजाया गया है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने शनिवार को बौद्ध वर्ष 2569 के उपलक्ष्य में सप्ताह भर चलने वाले वेसाक उत्सव का उद्घाटन किया। समारोह के हिस्से के रूप में, एक स्मारक टिकट जारी किया गया और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों को मान्यता देने के लिए ‘श्री सन्नास पत्र’ प्रदान किए गए। सरकार ने 10 से 16 मई को राज्य वेसाक सप्ताह घोषित किया है। समारोह के हिस्से के रूप में, पूरे द्वीप में 8,500 से अधिक अस्थायी स्टॉल या दंसल पंजीकृत किए गए हैं, जो निःशुल्क भोजन और जलपान प्रदान करते हैं।
