रायपुर। रायपुर शहर के शास्त्री चौक से सड़क के उपर बन रहे स्काई वॉक का कार्य दोबारा शुरू होने जा रहा है। लगभग 8 वर्षों तक विवादों में रहे स्काई वॉक प्रोजेक्ट (फुट ओवर ब्रिज) को अब फिर से पूरा किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में इस स्काई वॉक के ड्राइंग और डिजाइन को स्वीकृति मिली थी, लेकिन भूपेश सरकार ने इसे रोक दिया था। अब साय सरकार उसी पुराने प्रारूप पर इसे पूरा करने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि करीब आठ सालों से अधूरे खड़े स्काई वॉक के ढांचे को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसका नोटिफिकेशन भी आज गुरुवार को जारी हो गया है, जिसके अनुसार, पीएसएए कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. रायपुर को इस परियोजना का ठेका दिया गया है। कंपनी ने अनुमानित लागत 31.41 करोड़ रुपये से 20.17 प्रतिशत अधिक दर यानी 37 करोड़ 75 लाख 70 हजार 682.00 (37.75 करोड़ रुपये) की दर से निविदा भरी थी, जिसे शासन से स्वीकृति मिल चुकी है।
आदेश में स्काई वॉक प्रोजेक्ट को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया गया है। जिसके अंतर्गत कार्य पूर्व स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन के अनुरूप ही पूरा किया जाएगा।
सभी नॉन एसओआर मदों की दरों का विश्लेषण कर अनुमोदन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और कार्य अनुबंधित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश हैं। यह कार्य सबलेट नहीं किया जा सकेगा और पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। कार्य अनुबंध के अनुसार और बजट सीमा के भीतर ही किया जाएगा।
