नई दिल्ली। दिल्ली के ऊर्जा बिजली आशीष सूद ने गुरुवार को किलोकरी में देश के पहले बीएसईएस 20 मेगावाट/ 40 मेगावाट-प्रति घंटा स्टैंडअलोन यूटिलिटी स्केल के बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली का उद्घाटन किया। इस प्रणाली से ग्रिड से बिजली न मिलने पर भी एक लाख की आबादी को चार घंटे तक लगातार बिजली की आपूर्ति दी जा सकती है। इस मौके पर भाजपा सांसद रामवीर बिधूड़ी, बीएसईएस के डायरेक्टर अमल सिन्हा और सीईओ अभिषेक रंजन मौजूद रहे।
मंत्री आशीष सूद ने एक विज्ञिप्त जारी करते हुए इस परियोजना के बारे जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंडीग्रिड, जीईएपीपी और टेरी के सहयोग से विकसित यह परियोजना पूरे भारत में ऐसी नियामक और नई तकनीकी के लिए नई मिसाल कायम करेगी। यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा स्टैंडअलोन बैटरी इनवर्टर टाइप पावर सेटअप है। इसके माध्यम से हम दिल्ली की जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का कार्य करने जा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि दिल्ली में हम इस नई तकनीक का उपयोग करना चाहते हैं, जिसके लिए आवश्यक निवेश की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जो अन्य उद्यमी सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। उन्हें भी हम आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेंगे, ताकि दिल्ली में लगातार और स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा भंडारण में सहायक होने, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ ही नवाचार के एक नए युग की शुरुआत भी है।
मंत्री ने कहा कि जब यह 20 मेगावाट की स्टोरेज तकनीक लागू होगी, तो इंफ्रास्ट्रक्चर पर दबाव कम होगा। इसे और बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा। विशेषकर उन अनधिकृत कॉलोनी क्षेत्रों में जहां जमीन की कमी है और कोई ग्रिड मौजूद नहीं है।
सूद ने कहा कि पिछले दस वर्षों में पिछली सरकार ने बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं किया। केवल और केवल ‘लिफ्ट सर्विस’ करने जैसे काम हुए। एक और बात याद रखनी चाहिए डीटीएल जैसी प्रमुख कंपनियों को पिछली सरकार द्वारा नजरअंदाज किया गया, जिससे उन्हें लगभग बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया गया।
