प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस से बातचीत करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की उम्मीद है। राष्ट्रपति पेना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। पैराग्वे के राष्ट्रपति आज से भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापार प्रतिनिधियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है।
राष्ट्रपति पेना की यह राजकीय यात्रा उनकी पहली भारत यात्रा है तथा पैराग्वे के किसी राष्ट्रपति की यह दूसरी भारत यात्रा है।
राष्ट्रपति पेना बुधवार को पैराग्वे लौटने से पहले मुंबई भी जाएंगे। मुंबई में राष्ट्रपति पेना राज्य के राजनीतिक नेताओं, व्यापार और उद्योग के प्रतिनिधियों और तकनीकी नेताओं से मिलेंगे।
भारत और पैराग्वे ने 1961 में राजनयिक संबंध स्थापित किए, जिससे दशकों से दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित हुए हैं। दोनों देशों ने व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग विकसित किया है। पैराग्वे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार है। ऑटोमोबाइल और फार्मास्युटिकल क्षेत्रों में कई भारतीय कंपनियों की उपस्थिति पैराग्वे में है। पैराग्वे की कंपनियों की भारत में भी उपस्थिति है, जो दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में योगदान देती है। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा और आतंकवाद का मुकाबला करने सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान विचार साझा करते हैं।
