रायगढ़, 19 जून । कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिले में मौसमी बीमारियों के साथ ही डायरिया से बचाव, रोकथाम एवं उपचार के साथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ देने हेतु जिले के विभिन्न ब्लॉकों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हो रहा है।
इसी कड़ी में आज 19 जून को पुसौर के एकताल, लोईंग के देलारी, खरसिया के तेलीकोट, घरघोड़ा के फगुरम, लैलूंगा के घटगांव, धरमजयगढ़ के हाटी एवं आमापाली तथा रायगढ़ के जेलपारा वार्ड नंबर 29 में शिविर आयोजित हुआ। शिविर में उल्टी-दस्त, सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, उच्च रक्तचाप, मधुमेह जांच, मलेरिया के मरीजों की जांच कर उन्हें दवाईयों का वितरण किया गया।
सीएमएचओ डॉ.अनिल कुमार जगत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 18 जून से 7 जुलाई तक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि डायरिया से बचाव, रोकथाम एवं उपचार के साथ डायरिया के प्रकरणों को सतत निगरानी किए जाने तथा डायरिया आउटब्रेक की दशा में प्रभावित क्षेत्र एवं उनके आसपास के संभावित क्षेत्रों में कैम्प लगाकर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। शिविर में डायरिया, बीपी, शुगर, सिकल सेल, स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड के साथ जनरल चेकअप भी किया जा रहा है।
