नई दिल्ली, 20 जून । दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया गया कि महिला कोच में एक सांप घुस आया। वीडियो में महिलाएं चीखती-चिल्लाती दिख रही हैं। कुछ डर के मारे सीटों पर खड़ी हो गईं। इस हड़कंप ने हर किसी को हैरान कर दिया और सवाल उठने लगे कि आखिर मेट्रो में सांप कहां से आया। वीडियो वायरल होने के बाद डीएमआरसी का भी बयान सामने आया है।
डीएमआरसी ने इस मामले पर तुरंत एक्शन लिया और सच सामने लाया। डीएमआरसी के मुताबिक, गुरुवार शाम को यात्रियों की शिकायत मिलते ही ट्रेन को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर खाली करवाया गया और उसे डिपो भेजा गया। वहां ट्रेन की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई सांप नहीं मिला। हां, जांच के दौरान एक छोटी सी छिपकली जरूर नजर आई, जिसने शायद सारा हंगामा खड़ा किया।
डीएमआरसी ने साफ किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए सबसे ऊपर है। जैसे ही यह मामला सामने आया उनकी टीम ने फौरन कार्रवाई की। डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी तुरंत मेट्रो स्टाफ को दें।
