लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज मुंबई में संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधान निकायों की प्राक्कलन समितियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वे संसद की प्राक्कलन समिति की 75वीं वर्षगांठ स्मारिका का विमोचन भी करेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता ने खबर दी है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश सिंह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार; महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर; तथा भारत की संसद की प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधान निकायों की प्राक्कलन समितियों के राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान, भारत की संसद और राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधान निकायों की प्राक्कलन समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, ‘प्रशासन में दक्षता और मितव्ययिता सुनिश्चित करने के लिए बजट अनुमानों की प्रभावी निगरानी और समीक्षा में प्राक्कलन समिति की भूमिका’ विषय पर विचार-विमर्श करेंगे। महाराष्ट्र के राज्यपाल, सी.पी. राधाकृष्णन कल समापन दिवस पर समापन भाषण देंगे।
