पश्चिम एशिया के संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से दो हजार 295 भारतीय नागरिकों को वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 292 भारतीय नागरिक आज तड़के विशेष विमान से ईरान के मशहद से नई दिल्ली पहुंचे।
भारतीय वायु सेना ने कहा है कि वह जरूरत के समय देश के भीतर और दुनिया भर में सहायता करने के लिए पहले उत्तरदाता के रूप में प्रतिबद्ध है। भारतीय वायुसेना ने भारतीय नागरिकों और मित्र देशों के नागरिकों को निकालने के लिए जॉर्डन और मिस्र से मिशन शुरू किए हैं।
ऑपरेशन सिंधु के तहत भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान ने इजराइल से 165 भारतीय नागरिकों को निकाला। विमान आज सुबह अम्मान से नई दिल्ली पहुंचा। राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने पर सूचना, प्रसारण और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने निकाले गए लोगों का स्वागत किया।
इजराइल से 161 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था भी आज नई दिल्ली पहुंचा। वे आज सुबह अम्मान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। हवाई अड्डे पर विदेश राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया।
मीडिया से बात करते हुए श्री मार्गेरिटा ने कहा कि सरकार ईरान और इजराइल में भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में है और वह दोनों देशों में भारतीय नागरिकों को सभी प्रकार की सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इजराइल में श्रीलंका के राजदूत निमल बंडारा ने कहा है कि इजराइल में 17 श्रीलंकाई नागरिकों ने भारत सरकार द्वारा संचालित विशेष उड़ान पर यात्रा करने के लिए पंजीकरण कराया है। तदनुसार, श्रीलंकाई कल जॉर्डन के अम्मान अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
