केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देहरादून स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान में कल शाम भारतीय संरक्षण सम्मेलन 2025 को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि 2014 में भारत में 47 बाघ अभयारण्य थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 58 हो गई है।
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पारंपरिक संरक्षण ज्ञान को वैज्ञानिक रूप से प्रलेखित करने और उसका उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सहानुभूति को संरक्षण के केंद्र में रखने की अपील की। गौरतलब है कि यह तीन दिवसीय भारतीय संरक्षण सम्मेलन 27 जून तक चलेगा और इसमें देश-विदेश से सैकड़ों छात्र, शोधकर्ता, वन अधिकारी और संरक्षण विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
