शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सभी जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन बेहद आवश्यक है। इनमें विटामिन C एक ऐसा तत्व है, जिसकी कमी से शरीर में कई तरह की समस्याएं जन्म ले सकती हैं। अगर इसकी मात्रा शरीर में कम हो जाए, तो रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने लगती है और बार-बार बीमार पड़ने की संभावना बढ़ जाती है।
विटामिन C न सिर्फ इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि यह बालों, हड्डियों, त्वचा और ओरल हेल्थ को भी बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से सर्दी-जुकाम लंबे समय तक बना रह सकता है, बाल टूट सकते हैं, हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और चेहरे पर समय से पहले उम्र के लक्षण नजर आने लगते हैं। इसके अलावा दांतों और मसूड़ों से जुड़ी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं।
इसलिए यह जरूरी है कि आप अपनी डाइट में विटामिन C से भरपूर चीजें शामिल करें, ताकि शरीर को रोजाना की जरूरत के मुताबिक यह पोषक तत्व मिल सके। आइए जानते हैं किन खाद्य पदार्थों में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
विटामिन C से भरपूर खाद्य पदार्थ
1. आंवला
आंवला को विटामिन C का सबसे बेहतरीन स्रोत माना जाता है। एक मीडियम साइज का आंवला खाने से करीब 600-700 मिलीग्राम विटामिन C प्राप्त होता है। आप इसे जूस, अचार, पाउडर या चटनी के रूप में रोजाना अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
2. अमरूद
अमरूद भी विटामिन C से भरपूर फल है। एक मध्यम आकार का अमरूद खाने से लगभग 228 मिलीग्राम विटामिन C मिल जाता है। यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि इम्यूनिटी बढ़ाने में भी कारगर है।
3. कीवी
कीवी एक और सुपरफ्रूट है जो विटामिन C की अच्छी मात्रा प्रदान करता है। एक कीवी में लगभग 92 मिलीग्राम विटामिन C होता है। इसे रोजाना खाने से इस विटामिन की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
4. पपीता
पपीता पेट के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ विटामिन C का अच्छा स्रोत भी है। 1 कप पपीता खाने से लगभग 88 मिलीग्राम विटामिन C मिलता है। गर्मियों में इसे नियमित रूप से डाइट में शामिल करें।
5. संतरा और नींबू (सिट्रस फल)
संतरा, मौसमी और नींबू जैसे खट्टे फल भी विटामिन C से भरपूर होते हैं। एक मीडियम साइज के संतरे में लगभग 70 मिलीग्राम और 100 ग्राम नींबू में लगभग 50-60 मिलीग्राम विटामिन C पाया जाता है। आप इनका जूस भी ले सकते हैं।
इस लेख में दी गई जानकारियां सामान्य जानकारी पर आधारित हैं। किसी भी प्रकार के खानपान में बदलाव करने से पहले या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
