संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों द्वारा संसद की कार्यवाही में व्यवधान डालने पर नाराजगी व्यक्त की है। श्री रिजिजू ने कहा कि सरकार संवैधानिक और संसदीय प्रक्रियाओं और नियमों के अनुसार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है और इस पर सदन में चर्चा नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि संसद में एसआईआर मुद्दे पर चर्चा करना नियमों और परंपराओं का उल्लंघन होगा। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि नियम स्पष्ट हैं कि चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्थाओं के कामकाज पर चर्चा नहीं हो सकती।
उन्होंने विरोध कर रहे सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया क्योंकि महत्वपूर्ण विधेयक चर्चा के लिए सूचीबद्ध हैं। शोरगुल के बीच, लोकसभा ने बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा प्रस्तुत संशोधनों के साथ मर्चेंट शिपिंग विधेयक 2024 पारित कर दिया। हंगामा जारी रहने पर पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही कल दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
राज्यसभा में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दोपहर दो बजे पहली बार स्थगित होने के बाद जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण विधेयक और अन्य मुद्दों पर सदन में हंगामा किया।
