गेमर्स के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। Google ने ऐलान किया है कि 2025 के अंत तक क्रोमबुक पर स्टीम बीटा का सपोर्ट पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। 1 जनवरी 2026 से यूजर्स स्टीम को न तो लॉन्च कर पाएंगे, न ही नए गेम इंस्टॉल कर सकेंगे और न ही प्लेटफॉर्म तक पहुंच बना पाएंगे। यहां तक कि जो गेम पहले से इंस्टॉल हैं, वे भी ऑटोमैटिकली डिलीट हो जाएंगे।
स्टीम, जो कि दुनिया का सबसे बड़ा पीसी गेमिंग प्लेटफॉर्म है, शुरुआत में सिर्फ Windows, macOS और Linux के लिए उपलब्ध था। लेकिन 2022 में गूगल और स्टीम ने मिलकर क्रोमबुक पर स्टीम बीटा की शुरुआत की, जिससे चुनिंदा डिवाइसेज़ पर हाई-क्वालिटी पीसी गेम्स खेले जा सकते थे।
क्रोमबुक्स अपनी हल्की और तेज़ इंटरनेट-केंद्रित ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इन पर हेवी गेमिंग का अनुभव संभव नहीं था। स्टीम बीटा ने इस कमी को काफी हद तक पूरा किया। अब इसके बंद होने से यूजर्स को एंड्रॉइड गेम्स या फिर क्लाउड बेस्ड गेमिंग सर्विसेज जैसे NVIDIA GeForce Now और Xbox Cloud Gaming पर निर्भर होना पड़ेगा।
गूगल ने यूजर्स को इस बदलाव की सूचना देना शुरू कर दी है। स्टीम बीटा 31 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध रहेगा, उसके बाद इसे पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
भारत में क्रोमबुक खासकर स्टूडेंट्स और साधारण उपयोगकर्ताओं के बीच लोकप्रिय हैं। कई युवा गेमर्स ने बिना महंगे गेमिंग लैपटॉप खरीदे स्टीम बीटा के जरिए गेमिंग का आनंद लिया। लेकिन अब इस सुविधा के खत्म होने के बाद उन्हें एंड्रॉइड गेम्स या क्लाउड प्लेटफॉर्म का विकल्प अपनाना होगा, जिससे डेटा खर्च और सब्सक्रिप्शन लागत बढ़ सकती है।
कुल मिलाकर, यह बदलाव क्रोमबुक पर गेमिंग करने वालों के लिए एक बड़ा झटका है और अब उन्हें समय रहते अपने लिए कोई नया विकल्प तलाशना होगा।
