भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए आधिकारिक तौर पर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत कर दिया है, जो दो दशक बाद इस बहु-खेल आयोजन को देश में वापस लाने की उसकी महत्वाकांक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ और गुजरात सरकार के प्रतिनिधियों वाले एक प्रतिनिधिमंडल ने कल लंदन में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन) के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे को औपचारिक बोली प्रस्तुत की। इस बोली में अहमदाबाद को राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले खेलों के लिए मेज़बान शहर घोषित किया गया है।
प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी का प्रस्ताव भारत की स्थायी और समावेशी खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय खेल दिवस पर बोली प्रस्तुत करना विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह भारत की खेल विरासत को उजागर करता है और देश के युवाओं के भविष्य के लिए उसके दृष्टिकोण को परिभाषित करता है।”
उन्होंने कहा कि भारत के खेल ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के प्राचीन सिद्धांत पर आधारित होंगे, जिसका अर्थ है “पूरा विश्व एक परिवार है।” यह एकता और मानवीय जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि अतिथि देवो भव:, यानी “अतिथि दिव्य है”, खेलों के लिए भारत आने वाले सभी हितधारकों की योजना बनाने में मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा, “यह बोली पूरे देश की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है। अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेल न केवल भारत की खेल क्षमताओं को प्रदर्शित करेंगे, बल्कि मित्रता, सम्मान और समावेशिता के उन मूल्यों को भी प्रदर्शित करेंगे जो हमारी खेल संस्कृति को परिभाषित करते हैं।”
इस अवसर पर बोलते हुए, यूनाइटेड किंगडम में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने खेल संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि किस प्रकार सरकार देश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना के निर्माण और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें भविष्य का चैंपियन बनाने हेतु निजी क्षेत्र सहित निवेश को प्राथमिकता दे रही है।
2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी देश की अग्रणी खेल राष्ट्र बनने की दीर्घकालिक महत्वाकांक्षा के अनुरूप है, जहां बड़े आयोजन खेल और बुनियादी ढांचे के विकास में व्यापक भागीदारी के लिए उत्प्रेरक के रूप में काम करते हैं।
