सरस आजीविका मेले का 27वां संस्करण आज नई दिल्ली में शुरू होगा। यह मेला ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक महत्वपूर्ण विपणन मंच प्रदान करेगा। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 400 से अधिक ग्रामीण महिलाएं इस मेले में भाग लेंगी। इस वर्ष के मेले का विषय है “लखपति दीदी बनाना – ग्रामीण महिलाओं को सफल उद्यमी और वोकल फॉर लोकल की चैंपियन बनने के लिए सशक्त बनाना”।
यह पहला मेला होगा जिसका नेतृत्व पूरी तरह से लखपति दीदियाँ करेंगी और अपने हस्तशिल्प, हथकरघा और खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। यह मेला इस महीने की 22 तारीख तक चलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने कहा कि सरस मेला जड़ों से जुड़ने का एक माध्यम है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ महिलाएँ 90 लाख स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।
