चुनाव आयोग ने ईवीएम मतपत्रों की स्पष्टता और पठनीयता बढ़ाने के लिए, चुनाव संचालन नियमों के अंतर्गत मौजूदा दिशानिर्देशों में संशोधन किया है। यह पहल, चुनाव प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने तथा मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने के लिए आयोग द्वारा पिछले छह महीनों में की गई 28 पहलों के अनुरूप है।
दिशानिर्देशों के अनुसार, ईवीएम मतपत्र पर उम्मीदवारों की तस्वीरें रंगीन छपी होंगी और बेहतर दृश्यता के लिए उम्मीदवार का चेहरा तस्वीर के तीन-चौथाई हिस्से पर होगा। एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए, सभी उम्मीदवारों और नोटा के नाम आसानी से पढ़े जाने के लिए एक ही फ़ॉन्ट में छपे होंगे।
आयोग ने बताया कि आगामी चुनावों में उन्नत ईवीएम मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसकी शुरुआत बिहार से होगी। चुनाव आयोग ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को एक पत्र लिखा है। इसमें निर्देश दिया गया है कि एक मतपत्र पर अधिकतम पंद्रह उम्मीदवारों के नाम व्यवस्थित किए जाएँगे और पैनल के अंतिम नाम के बाद NOTA का विकल्प होगा।
