नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। दक्षिण-पश्चिमी जिले की ऑपरेशन सेल के स्पेशल स्टॉफ की टीम और बदमाशों के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी मौके पर ही दबोच लिया गया। दोनों बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
दक्षिण-पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार सुबह करीब 6:15 बजे इंस्पेक्टर विजय बलियान की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो वांछित अपराधी अरुणा आसफ अली रोड, संजय वन, किशनगढ़ इलाके में मौजूद हैं। पुलिस ने जैसे ही उन्हें रोकने की कोशिश की। बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बदमाश अरमान (26) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी बशीर (24) मौके से दबोच लिया गया। उसके पास से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
मुठभेड़ के दौरान अरमान की चलाई गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए अरमान 50 से अधिक मामले में शामिल रहा है। फिलहाल किशनगढ़ थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
