ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आज से दो दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। यह प्रधानमंत्री स्टारमर की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अतिथि प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मुंबई में ‘विज़न 2035’ के विविध पहलुओं में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह साझेदारी व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, जलवायु और ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों जैसे प्रमुख स्तंभों को शामिल करते हुए एक केंद्रित और समयबद्ध 10-वर्षीय रोडमैप की रूपरेखा तैयार करती है।
दोनों नेताओं द्वारा भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते के अंतर्गत अवसरों का पता लगाने के लिए व्यापार एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने की उम्मीद है, जो भविष्य में भारत-ब्रिटेन आर्थिक साझेदारी का एक केंद्रीय स्तंभ है। वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टारमर मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भी शामिल होंगे और मुख्य भाषण देंगे। दोनों नेता उद्योग विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और नवप्रवर्तकों से भी मिलेंगे। यह यात्रा भारत और यूनाइटेड किंगडम के एक दूरदर्शी साझेदारी के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि करने का एक बहुमूल्य अवसर प्रदान करेगी।
