जगदलपुर, 11 अक्टूबर । बस्तर जिले के लाेहड़ीगुड़ा थाना क्षेत्र अंर्तगत चित्रकोट जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में आज शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव पाया गया है। इसकी सूचना पर पुलिस टीम को माैके के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने अज्ञात युवक के शव को कब्जे में लेते हुए उसकी शिनाख्त कर रही है। वहीं एक दिन पहले एक मानव पैर पाया गया था, जिसे अज्ञात युवक के शव के साथ मिलान किया जा रहा है। मिले अज्ञात युवक के शव का एक पैर नहीं है।
शुक्रवार की सुबह तिरथा व नारायणपाल के बीच इंद्रावती नदी में एक मानव पैर पाया गया था, जिसकी सूचना पर पुलिस ने पैर को अपने कब्जे में लेकर उसे मेकाॅज भेज दिया गया था। वहीं शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दिया कि चित्रकोट जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में औधे मुंह एक शव दिखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, अज्ञात युवक के शव का एक पैर नहीं था, वहीं शव कई दिनों से पानी में रहने के कारण पहचान में नहीं आ पा रहा है। आस-पास के क्षेत्रों की पुलिस चौकी और थाने को सूचना दी गई। जिससे युवक की शिनाख्त हो सके। वहीं पुलिस ने जो मानव अंग को बरामद किया था, उसे अज्ञात युवक के शरीर से मिलाया जाएगा।
इस मामले में लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैंगा ने बताया कि शनिवार को चित्रकोट के ऊपरी हिस्से में अज्ञात शव पाया गया है। इसकी शिशाख्तगी के लिए गुमशुदा लाेगाें के परिजनों को बुलाकर उसकी शिनाख्त की जाएगी।
