जगदलपुर, 13 अक्टूबर। नगर पालिक निगम जगदलपुर में आज साेमवार काे सामान्य सभा लगभग 11 बजे शुरू हुई । सामान्य सभा के शुरू हाेते ही भाजपा के महापाैर संजय पांडेय और कांग्रेस के निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के बीच बहस हो गई । वहीं करीब 40 से 45 मिनट के अंदर ही कांग्रेस के सारे पार्षद बाहर निकल गए और सामान्य सभा का बहिष्कार कर दिया।
जगदलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी का आरोप है कि सामान्य सभा में कांग्रेस के सवालों को हटा दिया गया है । सामान्य सभा में हमें बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है । सभापति कांग्रेस के पार्षदों को धमकाते हैं, कहते हैं कि यहां कैमरा लगा हुआ है । हम यही पूछना चाहते हैं कि बताएं हमारा कौन सा ऐसा गलत आचरण है, जो हमने किया है। उन्होंने महापाैर संजय पांडेय पर आरोप लगाया कि महापौर सिर्फ अपने फायदे का काम करते हैं। उन्हाेंने कहा कि जीएसटी को लेकर स्पेशल सदन बुलाया गया था । कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध किया था। लेकिन कागजों में सर्वसम्मति लिखते हैं। वहीं जगदलपुर में मल्टी स्टोरी पार्किंग के सवाल को हटा दिया है, ये मामला गंभीर है। इसलिए हमने सभा का बहिष्कार कर दिया और परिसर से बाहर आ गए हैं। दरअसल, जगदलपुर नगर पालिक निगम के संजय पांडेय जगदलपुर के महापाैर हैं। खेमसिंह देवांगन निगम अध्यक्ष हैं। निगम जगदलपुर में कुल 48 वार्डों में 48 पार्षद हैं। इनमें 30 पार्षद भाजपा के हैं, जबकि 16 कांग्रेस और दो निर्दलीय पार्षद हैं।
